Bihar Weather Alert: बिहार में कमजोर पड़ा मानसून, जानिए कब से शुरू होगा दोबारा बारिश का दौर
Bihar Weather Alert: राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में मानसून कमजोर हो गया है और मानसून कमजोर होने से बारिश पर रोक लग गई है। एक तरफ जहां आसमान में बादल दिखते हैं वहीं दूसरी तरफ लोगों को उमश भरी गर्मी परेशान कर रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 23 जुलाई से वर्षा में तेजी आते ही लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। शनिवार को पटना व आसपास इलाकों के अलावा प्रदेश के अलग-अलग भागों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा की संभावना है।
48 घंटे बाद तापमान में थोड़ी गिरावट की संभावना है। शुक्रवार को पटना व आसपास इलाकों में दिन में धूप निकलने के साथ लोग उमस से परेशान रहे। बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी व पश्विम चंपारण के अलग-अलग स्थानों पर एवं बांका, सीतामढ़ी, शेखपुरा में हल्की वर्षा दर्ज की गई।
पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में 58.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार को पटना, डेहरी, बांका, बक्सर, जीरादेई, गोपालगंज को छोड़ कर शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस जबकि 39.2 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
प्रमुख स्थानों पर वर्षा की स्थिति (Bihar Weather Alert)
पश्चिम चंपारण के रामनगर में 42.6 मिमी, बगहा में 20.0 मिमी, अररिया में 11.0 मिमी, सीतामढ़ी के सोनबरसा में 2.6 मिमी, समस्तीपुर के पटोरी में 2.6 मिमी, गया के वजीरगंज में 2.2 मिमी, शेखपुरा में 1.0 मिमी, बांका के बाराहाट में 1.0 मिमी एवं सीतामढ़ी के पुपरी में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। प्रमुख शहरों का तापमान : शहर अधिकतम न्यूनतम पटना 37.3 30.8 गया 36.4 28.0 भागलपुर 37.6 30.0 मुजफ्फरपुर 35.8 30.5 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)