Nitish Kumar On Budget 2024: बजट पर नीतीश कुमार ने दिया पहले रिएक्शन, बोले-अरे! हां भाई हम बहुत खुश…
Nitish Kumar On Budget 2024: केंद्र सरकार ने तीसरा बजट पेश किया है और इस बार बजट में बिहार को कई बड़े तोहफे मिले हैं. इससे जदयू के नेता काफी खुश हैं और उन्होंने इस पर सकारात्मक विचार दिया है. नीतीश कुमार भी बजट को लेकर काफी खुश दिखे.
इसी को लेकर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। नीतीश कुमार ने बजट में बिहार के लिए की गई घोषणाओं पर अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि हम तो पहले से ही विशेष दर्ज की मांग कर रहे थे। अगर यह नहीं कर सकते तो विशेष सहायता दीजिए, जिससे राज्य आगे बढ़ सके।
हमारी सरकार में बिहार का विकास हुआ: नीतीश
बिहार सीएम ने कहा कि हम लोग तो नवंबर 2005 से काम कर रहे हैं। बिहार में कितने ज्यादा स्कूल बनाए गए हैं। कितने नए रास्ते बनाए गए हैं। आप देखिए कि कितनी नई-नई चीजों का निर्माण हुआ है।
इस दौरान उन्होंने बिना राजद का जिक्र किए कहा कि पहले पटना में शाम को कोई निकल नहीं सकता था। हमारे आने के बाद कितना बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र से और कार्यों के लिए अतिरिक्त मदद मिलेगी तो राज्य को और फायदा होगा।
अंत में मीडिया ने नीतीश कुमार से विशेष राज्य का दर्जा न मिलने पर सवाल किया तो नीतीश ने भी साफ कर दिया कि हमने दो चीजे ही मांगी थी। या तो विशेष दर्जा या विशेष सहायता। प्रावधानों के चलते दर्जा नहीं मिला तो ठीक है, लेकिन आर्थिक मदद तो मिलना अब शुरू हो गई है। जब रिपोर्टर ने पूछा कि आप बजट से खुश हैं? तो नीतीश ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि अरे! हां भाई, हम तो दोनों चीज कह ही दिए थे।
संजय कुमार झा ने भी दी प्रतिक्रिया (Nitish Kumar On Budget 2024)
जदयू के राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने भी बजट पर प्रतिक्रिया दी है। बिहार के लिए घोषित की गई धनराशि को लेकर संजय कुमार झा ने पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस बजट में हमारे मुद्दों और चिंताओं को संबोधित किया गया है।